महराजगंज: यातायात माह का समापन, जागरूकता रैली और सम्मान कार्यक्रम का हुआ आयोजन
- By UP Samachaar Plus --
- Saturday 30 Nov, 2024
- 154
मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा
UP Samachar Plus
महराजगंज, 30 नवम्बर। यातायात माह-नवंबर 2024 का समापन शुक्रवार को विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के साथ किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह ने सक्सेना चौराहे से एनसीसी के छात्रों की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शामिल छात्रों ने यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक किया।
समापन समारोह में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने अपने विचार व्यक्त किए। यातायात नियमों का पालन करने वालों को गुलाब के फूल देकर सम्मानित किया गया, जबकि बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को हेलमेट प्रदान कर यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।
यातायात माह के दौरान पुलिस ने विभिन्न प्रयास किए, जिनमें नुक्कड़ नाटक, लाउडहेलर से घोषणाएं और बच्चों को ट्रैफिक लाइट, जेब्रा क्रॉसिंग और स्टॉप लाइन की जानकारी देना शामिल था। स्कूली वाहनों की फिटनेस, फर्स्ट एड किट और ड्राइवर लाइसेंस की जांच की गई। त्योहारों और साप्ताहिक बाजारों में भी लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने ट्रैक्टर, ट्रॉली और पिकअप वाहनों पर रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप लगवाने के साथ-साथ ओवरस्पीडिंग और कोहरे में फॉग लाइट के उपयोग को लेकर भी चालकों को जागरूक किया।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बड़ी संख्या में चालान किए। कुल 6,152 चालान किए गए और 78,93,000 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।
➡️ बिना हेलमेट: 2,780 चालान, ₹27,80,000 शमन शुल्क
➡️ शराब पीकर वाहन चलाना: 23 चालान, ₹2,30,000 शमन शुल्क
➡️ बिना सीट बेल्ट: 152 चालान, ₹1,52,000 शमन शुल्क
➡️ गलत दिशा में वाहन चलाना: 322 चालान, ₹6,44,000 शमन शुल्क
➡️ ओवरस्पीड: 30 चालान, ₹1,90,000 शमन शुल्क
पुलिस ने लोगों से अपील की कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाएं और सरकार की नेक व्यक्ति योजना का लाभ उठाएं। पुलिस द्वारा यातायात नियमों के प्रति जागरूकता अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।

